थाना क्षेत्र के गांव अहरौला रोड पर बुधवार शाम को गांव से फेरी कर लौट रहे साइकिल सवार बुजुर्ग से तमंचा दिखाकर मारपीट कर लूटपाट करना आरोपी को महंगा पड़ गया। शोर मचाने पर मौके पर पहुंची लोगों की भीड़ ने एक आरोपो को पकड़ लिया जबकि एक हवा में तमंचा लहराते हुए भाग गया।
नगर के मोहल्ला जलालनगर निवासी करीब पचपन वर्षीय खलील अहमद साइकिल से गांवों में फेरी कर मूंगफली एवं चने चिनौरी बेचने का काम करता है। बुधवार शाम करीब छह बजे वह गांव अहरौला तेजवन से साइकिल पर सवार होकर वापस गजरौला आ रहा था। रास्ते में ट्यूबवैल के पास खलील रास्ते किनारे साइकिल रोक कर लघु शंका करने लगा। इसी बीच दो बदमाश वहां पहुंच गए और बुजुर्ग के साथ लूटपाट एवं मारपीट शुरू कर दी।
शोर मचाने पर गजरौला की दिशा से साप्ताहिक बाजार कर लौट रहे लोगों की नजर बदमाशों पर पड़ी। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को घेर लिया। हालांकि बदमाशों ने तमंचे से गोली चलाने की धमकी भी दी। इसी बीच एक आरोपो हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गया। जबकि एक को भीड़ ने पकड़ लिया। पीड़ित खलील ने बताया कि उसके पास से करीब साढ़े चार हजार की नकदी लूट ली गई।