अमरोहा। रात्रि गश्त पर के दौरान रास्ते के किनारे खड़ा होकर शराब पीने से मना करने पर चार नशेड़ियों ने पुलिस से अभद्रता की। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया। बाद में परिजनों के माफी मांगने पर चोरों को छोड़ दिया गया। मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
यह मामला मंगलवार रात देहात थानाक्षेत्र के अंबरपुर गांव का है। थाने की लेपर्ड पर तैनात कांस्टेबल मनोज कुमार और नरेंद्र रात्रि गश्त पर थे। तभी गांव में सरकारी शराब की दुकान से थोड़ी दूरी सड़क किनारे चार युवक शराब पी रहे थे। दोनों सिपाहियों ने सार्वजनिक रूप से खड़ा होकर शराब पीने से मना किया तो युवक अभद्रता करने लगे। उन्होंने सिपाहियों से खींचतान कर दी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सिपाहियों की सूचना पर थाने का अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुुंच गया और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान युवकों के परिजन भी पहुंच गए। जिसके बाद उनके माफी मांगने पर पुलिस ने सभी को छोड़ दिया। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि युवकों और सिपाहियों के बीच कहासुनी हुई थी। माफी मांगने के बाद युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।