गजरौला (अमरोहा)। चचेरे भाई और भतीजे के संग बाइक पर लौट रहे दूधिया की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव यहां सीएचसी में लाया गया। यहां चचेरे भाई ने बताया कि सुबह चार बजे हसनपुर रोड पर उमंग डेयरी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। वहीं जानकारी होने पर यहां आए परिजनों ने बताया कि हादसा दढ़ियाल चौकी क्षेत्र में मंगलवार की रात लगभग नौ बजे हुआ था। मृतक के साथ मौजूद युवक के बयानों में विरोधाभास होने पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए काफी हंगामा भी किया। घटनास्थल आदमपुर क्षेत्र में आने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अमरोहा भिजवा दिया। साथ ही आदमपुर पुलिस को सूचित कर वहीं जाकर पंचनामा भरने को कहा। इसके बाद रोते-बिलखते परिजन सीएचसी से चले गए।
बुधवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे सीएचसी में नगर के मोहल्ला अतरपुरा निवासी हरकेश खड़गवंशी (30) पुत्र खचेड़ूू सिंह को लाया गया। डा. सोराज सिंह ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से गांव सुतारी तहसील हसनपुर निवासी हरकेश यहां अपनी पत्नी सुमन देवी और दो मासूम बच्चों के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक वह मंगलवार को अपने चचेरे भाई ओमपाल और उसके आठ वर्षीय पुत्र लक्ष्य के साथ संभल जनपद के गांव मुधनपुर से बाइक पर लौट रहा था। ओमपाल ने बताया कि हादसा सुबह लगभग चार बजे हसनपुर रोड पर उमंग डेयरी के पास हुआ। अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। वहीं सीएचसी में आए मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि हादसा मंगलवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे रहरा के निकट दढ़ियाल चौकी क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने बताया कि वे हरकेश को एंबुलेंस में डालकर गवां भी ले गए थे लेकिन उसकी मौत हो गई। ओमपाल और अन्य परिजनों के बयानों में विरोधाभास देख मृतक के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इनका कहना था कि बाइक पर बैठे ओमपाल को खरोंच क्यों नहीं आई? बाइक फिसलने पर हरकेश के कपड़े क्यों नहीं फटे? इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने समझौता भी कराना चाहा लेकिन परिजन नहीं माने। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि घटनास्थल आदमपुर थाने में आता है। इसलिए वहां की पुलिस को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।