अमरोहा, 27 फरवरी। जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने आज उद्योग बंधु की बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए सपाट कह दिया, उद्योग बंधुओं की किसी भी समस्या में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह असहनीय होगा। अफसर अच्छी तरह से समझ लें। वह आज विकास भवन स्थित सभागार में जिला उद्योग बंधु की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
जिलाधिकारी ने उद्योग बंधुओं की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना और संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि उद्योग बंधुओं की किसी भी समस्या में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र विद्युत उपकेंद्र गजरौला में जलभराव संबंधी प्रकरण पर जिलाधिकारी ने कहा कि अधिशासी अधिकारी व अधिशासी अभियंता विद्युत मौके पर जाकर देख लें और अगली बैठक तक समाधान अवश्य हो जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कोई भी ऐसी प्लाटिंग नही होगी, जिससे कि पानी निकासी में समस्या आ रही है। यदि ऐसी कोई समस्या आ रही है तो अधिशासी अधिकारी जेसीबी लगाकर तत्काल तुड़वा दें। औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत कटौती का एक समय निश्चित किया जाये अनावश्यक विद्युत कटौती न की जाये और उन क्षेत्रों के लिये अलग से फीडर व लाईन खिंचवाने की व्यवस्था की जाये। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न की जाय। आगामी बैठक तक सभी निर्देशें का अधिशासी अभियन्ता अनुपालन करेगें और आख्या प्रस्तुत करेगें। जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित सभी अधिशासी अभियन्ताओं की अलग से बैठक बुलवाने को उपायुक्त उद्योग की निर्देश दिये।
मिश्र ने कहा, औद्योगिक क्षेत्र में वाटर ग्राउन्ड की कार्यवाही प्रारम्भ की जाये। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाये। डार्क जोन वाली इण्डस्ट्रीज जिनका पहले से लाईसेंस स्वीकृत है, उनकी रिनुअल की कार्यवाही की जाये और नये लाइसेंस के लिये प्रार्थना पत्र अप्लाई कराये जायें। जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में पड़ने वाले स्ट्रीट लाईट व रोड की मरम्मत व सफाई का कार्य संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर अवश्य देंख लें और समय रहते पूर्ण करा दें ताकि मजदूरों व वाहनों के आवागमन में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न हो।