नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक करके तमंचे के बल पर किसान से बाइक लूट ली। बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने लूट की घटना को चोरी में दर्ज कर खानापूर्ति कर ली है।
यह घटना मंगलवार दोपहर नौगांवा सादात और मंडी धनौरा रोड स्थित रामगंगा पोषक नगर किनारे हुई। मंडी धनौरा के मुकारमपुर गांव में किसान कुंवरसेन का परिवार रहता है। नौगांवा सादात में उनकी रिश्तेदारी है। सोमवार रात कुंवरसेन रिश्तेदारी में आए थे। मंगलवार की दोपहर बाद वह बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मंडी धनौरा थानाक्षेत्र में रामगंगा पोषक नहर के निकट पहुंचे। तभी पीछे से आए बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। बाइक से उतरते ही बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया। एक बदमाश बगैर नकाब के था। तमंचे के बल पर बदमाशों ने कुंवरसेन से बाइक लूट ली और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए मिलक अख्तियारपुर से खंडसाल मार्ग की तरफ भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद कुंवरसेन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीड़ित को डींगरा चौकी लेकर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। दिनदहाड़े हुई बाइक लूट की घटना से पुलिस के होश उड़ गए। इस मामले में पुलिस ने लूट की घटना को चोरी में दर्ज कर कर किया है। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि कुंवरसेन ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।