डिडौली (अमरोहा)। दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने में पुलिस ने पति कौशिक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि ससुराल वालों ने मायके में आकर जान से मारने की नीयत से विवाहिता का गला भी दबा दिया।
डिडौली क्षेत्र के चुबका गांव निवासी रमेश सिंह की बेटी मोनिका की शादी 17 सितंबर 2024 को बिजनौर जिले के शिवाला कलां थानाक्षेत्र के पुटुपुरा निवासी कौशिक से हुई थी। दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराल वाले मोनिका को प्रताड़ित करने लगे। 15 फरवरी को ससुराल वालों ने मारपीट करके उसे घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में रहती है। आरोप है कि 12 मई की शाम विवाहिता पिता के घर पर थी। तभी ससुराल वाले घर में घुस आए और मारपीट की।
जान से मारने की नीयत से गला दबा दिया। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। ससुराल वालों ने विवाहिता और उसके परिवार वालों को झूठे मुकदमे में फसाने की धमकी दी। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में पति कौशिक, सास भारती देवी और ननद अनु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।