हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव में विवाहिता का शव खेत पर पेड़ से लटका मिला। मायके वालों ने पहुंचकर ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी कर रही है।
बताते हैं कि गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कुदेना चक निवासी प्रकाश ने दो वर्ष पहले अपनी बेटी रीना की शादी हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर मिलक निवासी युवक के साथ की थी। आरोप है कि शुरू से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मंगलवार शाम को रीना का शव ससुराल में अपने ही खेत पर बकायन के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। हंगामा भी किया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। रात 9 बजे के करीब शव को पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी की जा रही थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। तहसील के आधार पर कार्यवाई की जाएगी।