गजरौला। दहेज में दस लाख रुपये नकद या कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव चौहड़पुर माफी निवासी अलका की शादी आठ जुलाई को नौगावां सादात के रसूलपुर गांवड़ी निवासी शुभम से हुई थी। परिजनों ने शादी में हैसियत से अधिक दान-दहेज दिया, लेकिन ससुराल वाले खुश नहीं थे। कम दहेज का ताना देकर वह दस लाख रुपये नकद या कार की मांग करते थे। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसका उत्पीड़न किया जाता था। दस अगस्त को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
16 सितंबर को पंचायत हुई, लेकिन ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी किए बिना उसे साथ ले जाने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने तहरीर पर पति शुभम, सास मुनेश देवी, जेठ कृष्णपाल और जेठानी नीतू देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद