नौगांवा सादात। चार दिन पहले संदिग्ध हालत में झुलसी विवाहिता की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मंगलवार को महिला के पति अकबर उर्फ मोनू को सफदरजंग अस्पताल से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
इस बीच विवाहिता के दो वीडियो भी सामने आए हैं जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें विवाहिता अपने हालात को लेकर नसीब को बुरा-भला कहती सुनाई पड़ रही है। चर्चा है कि यह वीडियो उसके पति ने बनाए हैं जिसमें विवाहिता के चेहरे पर पट्टियां बंधी हुई है और मुंह में ट्यूब पड़ी होने से तकलीफ के कारण उससे बोला नहीं जा रहा।
नौगांवा सादात के मोहल्ला बगीची में खायम अब्बास ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उन्होंने दो साल पहले बेटी निशा परवीन की शादी कस्बे के ही मोहल्ला अलीपुरा निवासी मोहम्मद अकबर से की थी। निशा के पास एक साल का बेटा भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। बीते शनिवार सुबह ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर निशा को आग लगा दी।
जानकारी पर पहुंचे मायके वालों को देखकर ससुराल वाले भाग गए थे। मायके वालों ने विवाहिता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। मामले में मोहम्मद अकबर उर्फ मोनू, मोहम्मद अली शाहिद, अब्बास अली और जुहैर के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की कोशिश व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि विवाहिता के पति मोहम्मद अकबर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसके न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।