गंगेश्वरी ब्लॉक के गांव मटीपुरा में तालाब से अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने निशान लगाए है। जल्द ही तालाब बुलडोजर की मदद से कब्जा मुक्त कराया जाएगा।
गंगेश्वरी ब्लॉक के गांव मटीपुरा में तालाब पर अतिक्रमण होने से उसका क्षेत्रफल कम हो गया है। इससे गांव से निकलने वाला गंदा गांव के मुख्य मार्ग पर ही जमा हो रहा है। गांव के मुख्य मार्ग से चामुंडा मंदिर तिराहे पर जलभराव की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। अमर उजाला ने समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अधिकारी हरकत में आए। एसडीएम विभा श्रीवास्तव के निर्देश पर बुधवार को लेखपाल मनोज कुमार, लेखपाल सचिन कुमार व ब्लॉक से जेई समेत कई कर्मचारियों की टीम गांव पहुंची थी।
ग्राम प्रधान अरुण कुमार व अन्य शिकायतकर्ता ग्रामीणों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे तालाब की भूमि की पैमाइश की थी। कब्जा की गई भूमि को चिह्नित किया गया था। कब्जाधारियों को चेतावनी दी गई है कि वह खुद जल्द ही कब्जा छोड़ दें। अन्यथा बुलडोजर की सहायता से कब्जा छुड़ाया जाएगा। एसडीएम विभा श्रीवास्तव का कहना है कि गांव में लेखपालों की टीम ने तालाब की पैमाइश का कार्य पूरा कर लिया है। कब्जा की गई भूमि को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही तालाब को कब्जामुक्त कराया जाएगा। तालाब के कुछ हिस्से पर खुदाई भी कराई जाएगी। जल भराव की समस्या का जल्द ही समाधान कराया जाएगा।