बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में सनातन धर्म रक्षा समिति के प्रदर्शन को लेकर जिलेभर में बाजार बंदी का असर दिखाई दिया। सुबह से ही व्यापारियों ने बाजार में घूमकर दुकान बंद कराईं। दिनभर दुकानों पर ताला लटका रहा। खरीदारी करने बाजार पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस फोर्स तैनात रही। एसडीएम सदर सुधीर कुमार और सीओ सिटी अरुण कुमार ने मिनी स्टेडियम में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान मोर्चा संभाला।
सनातन धर्म रक्षा समिति के नेतृत्व में सोमवार को मिनी स्टेडियम में विराट प्रदर्शन किया गया। इसमें जिलेभर के हजारों हिंदू शामिल हुए। सनातनी विरोध प्रदर्शन को लेकर पहले से ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। विभिन्न व्यापारी संगठन के पदाधिकारी ने पहले ही बाजारबंदी की घोषणा कर दी थी। सोमवार सुबह व्यापारी बाजार में घूमे और खुली दुकानों को बंद कराया गया। इस दौरान सभी दुकानदारों ने प्रदर्शन का समर्थन किया और दुकान बंद रखीं। बाजार बंदी का असर जिले के शहर में दिखाई दिया। अमरोहा शहर, गजरौला, मंडी धनौरा और हसनपुर का मुख्य बाजार बंद रहा। हालांकि, मुस्लिम इलाकों में दुकान खुली दिखाई दीं।
शहर में वाहनों की नो एंट्री रही
मिनी स्टेडियम में प्रदर्शन के चलते शहर में वाहनों की नो एंट्री रही। जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहे। मिनी स्टेडियम की ओर आने वाले वाहनों को रोककर डायवर्ट किया। बंबू गढ़ चौराहा, टीपी नगर चौक, अतरासी मार्ग पर बैरिकेडिंग करते हुए वाहनों को रोका गया।
पैदल चलने का मजबूर हुए यात्री
रूट डायवर्जन को लेकर पुलिस अलर्ट रही। अतरासी चौराहा और बंबूगढ़ चौराहे से पुलिस ने किसी भी वाहन को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया। ऐसे में यात्रियों को काफी दूर तक पैदल चलना पड़ा। उधर, हिंदुओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन को सतर्क रहा ही, एलआईयू, इंटेलिजेंस, आईबी व अन्य खुफिया एजेंसी भी सतर्क रहीं।
जुलूस के रूप में पहुंचे लोग
स्टेडियम में हुए प्रदर्शन में जिलेभर से लोग पहुंचे। बड़ी संख्या में लोग पैदल चलते हुए जुलूस के रूप में मिनी स्टेडियम पहुंचे। अलग-अलग टोलियों में शामिल लोग भगवा रंग के झंडे लेकर स्टेडियम पहुंचे।
मंडी धनौरा में बाजार बंद रहे
मंडी धनौरा। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में सनातन धर्म रक्षा समिति व व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के आह्वान पर नगर के बाजार बंद रहे। इसके लिए व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान की ओर से रविवार को सार्वजनिक मुनादी कराई गई थी। सोमवार को सुबह से ही लोगों ने अपनी दुकानें नहीं खोली। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता नगर में घूम रहे थे। हालांकि लोगों ने स्वेच्छा से दोपहर दो बजे तक बाजार बंद रखे। खास बात यह रही कि जामा मस्जिद के आसपास मुस्लिमों की दुकानें भी बंद थी। संघ नेता अनूप अग्रवाल व व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के अध्यक्ष अजय गोयल ने बंगलादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में बाजार बंद के लिए एकजुटता दिखाने पर लोगों की सराहना की।