पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण की जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। शिकायतों के आधार पर सीडीओ ने निर्माण की पत्रावलियों की जांच कराई थीं।
अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण में खराब गुणवत्ता के संबंध में लगातार मिल रहीं शिकायतों के आधार पर सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने साल 2023-24 व 2024-25 में बने अंत्येष्टि स्थलों की पत्रावलियों की जांच के निर्देश दिए थे। अंत्येष्टि स्थल पर लोगों के बैठने की जगह, कक्ष, हैंडपंप, प्रकाश व्यवस्था व टिनशेड आदि की व्यवस्था होनी चाहिए। लेकिन गुणवत्ता से खिलवाड़ करते हुए निम्न गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। एक अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में करीब 24 लाख रुपये की धनराशि खर्च होती है।
लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद सीडीओ ने करीब 16 अंत्येष्टि स्थलों से संबंधित पत्रावली डीपीआरओ कार्यालय से जांच के लिए मंगाकर उनकी जांच कराई। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। फर्म द्वारा जीएसटी तो काटी गई, लेकिन वह विभाग को जमा नहीं की गई। इसके अलावा कई बिल-वाउचर भी सहीं नहीं पाए गए। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने बताया कि फिलहाल जांच की जा रही। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।