अमरोहा। कांवड़ यात्रा व मोहर्रम को लेकर डीएम व एसपी ने कलक्ट्रेट सभागार में अधीनस्थों की बैठक ली। डीएम ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने सभी तहसीलों से पहुंचे ताजिया संचालकों से सुझाव भी लिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय रहते सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाए।
मंगलवार को बैठक में डीएम राजेश कुमार त्यागी ने कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले अभियान चलाकर सड़कों से छुट्टा पशुओं को गोशाला पहुंचा दिया जाए। उन्होंने ताजिया संचालकों को निर्देश दिए कि कहीं भी ताजिये की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए। पुलिस कर्मियों को मोहर्रम के मार्ग को देखने के निर्देश दिए। बिजली कर्मचारी भी समय रहते तारों को ठीक कर दें। जहां भी हाईटेंशन लाइन गुजर रहीं हों, वहां के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए घटना होने पर जिम्मेदारी तय की जाए।
सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी अस्पताल और एंबुलेंस एक्टिव मोड पर रहें। सभी ईओ से कहा कि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को समय रहते सड़काें के गड्ढे भरने के निर्देश दिए। डीएम ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि जहां-जहां कैंपों का आयोजन होगा, वहां शराब की बिक्री न होने पाए।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में निकलने वाले मोहर्रम के जुलूस की सूची आयोजकों से ले लें। जुलूस निकालने के लिए आयोजकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। ताजियों की ऊंचाई कम रखें। बैठक में एडीएम एफआर सुरेंद्र सिंह, एएसपी राजीव कुमार सिंह, सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
-
कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया
डीएम व एसपी ने मंगलवार को कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लटकते हुए बिजली के तार, क्षतिग्रस्त पोल, खुले हुए तार और पोल तथा मार्ग में जल भराव, घास आदि की साफ सफाई तथा कांवड़ियों को दिए जाने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खुले तारों को ठीक करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ से रास्तों के किनारे साफ-सफाई कराने को कहा।
-