अमरोहा। राहुल गांधी द्वारा संसद में हिंदू धर्म को हिंसक बताने वाले बयान को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए पदाधिकारियों ने उनका पुतला भी फूंका।
मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शुभम चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारी ने गांधी मूर्ति पर एकत्र हुए। यहां पर राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि राहुल गांधी ने संसद में हिंदू समाज का अपमान किया है, यह निंदनीय है। उनके इस बयान से हिंदू समाज के लिए उनकी सोच का पता चलता है। जिस तरह से उन्होंने हिंदू समाज को हिंसक बताया है, इससे हिंदू समाज के लोगों की भावनाओं को आघात पहुंचा है। वे राहुल गांधी के बयान का पुरजोर विरोध करते हैं। बाद में राहुल गांधी का पुतला जलाया। उन्होंने मांग की कि वह अपने इस बयान पर हाथ जोड़कर माफी मांगे। इस दौरान प्रेम सिंह सैनी, मुकेश सक्सेना, राजेश आर्य, सनी सक्सेना, सुमित गुर्जर, नवजोत सिंह राणा आदि मौजूद रहे।
-