अमरोहा। जिलेभर में महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। व्रत रखकर श्रद्धालुओं ने गंगा जल, दूध दही, बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा, केसर आदि चढ़ाकर विधि विधान से पूजा अर्चना की। परिवार की खुशहाली की कामना की। हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटे कांवड़ियों के साथ उनके परिजनों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। दिन भर शिवालयों पर श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। वासुदेव तीर्थ मंदिर पर भोले नाथ का जलाभिषेक करने को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद रही।
फाल्गुन कांवड़ यात्रा के चलते सोमवार को महाशिवरात्रि पर्व पर आस्था का सैलाब देखने को मिला। एक तरफ जहां कांवड़िये हरिद्वार और ऋषिकेश से कांवड़ लेकर शिवालयों पर पहुंचे तो वहीं जल चढ़ाने को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर ओर हर-हर महादेव के जयघोष सुनाई दिए। डीजे की धुन पर नाचते-गाते कांवड़िये मंदिरों तक पहुंचे। भोर होते ही मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लग गई। नगर प्रसिद्ध वासुदेव तीर्थ मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लोगों ने परिवार के साथ भगवान शंकर का जलाभिषेक किया और मन्नत मांगी। सुबह पांच बजे से बैठी कांवड़ और जलाभिषेक करने का सिलसिला शुरू हो गया था। इसके बाद दोपहर 2.39 बजे से खड़ी कांवड़ चढ़ाई गईं। जिले भर के तमाम शिवालयों और मंदिरों पर जल चढ़ाने को लेकर आपाधापी की स्थिति बनी रही। लाइन तोड़कर आगे बढ़ने वाले श्रद्धालुओं को पुलिस कर्मियों ने डांट फटकार कर लाइन में ही रहने की हिदायत दी।