अमरोहा। प्रेमिका के मोबाइल नंबर ब्लॉक करने से परेशान युवक अपनी बात मनवाने के लिए बृहस्पतिवार शाम पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसका कहना था कि प्रेमिका उससे बातचीत नहीं कर रही है और वह उससे शादी करना चाहता है। युवक को टंकी पर चढ़ा देखकर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे तक समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के मुताबिक मंडी धनौरा के गांव देवीपुरा निवासी जितेंद्र शाम करीब पांच बजे तहसील परिसर पहुंचा और पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना पर नौगांवा सादात प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और उससे बातचीत शुरू की। करीब आधे घंटे बाद जितेंद्र नीचे उतर आया।
पुलिस पूछताछ में जितेंद्र ने बताया कि पास के गांव की युवती से करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। उसके मुताबिक पिछले 25 दिनों से प्रेमिका ने बातचीत बंद कर मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया है। वह उससे शादी करना चाहता है और इसी बात से परेशान होकर टंकी पर चढ़ा था।
नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि युवक को थाने लाया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के चलते तहसील परिसर में काफी देर तक भीड़ जुटी रही।