इस अजब-गजब प्रेमी कहानी की शुरुआत अगस्त 2024 में हुई थी। अमरोहा की रहने वाली एक युवती परिजनों के साथ एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए मंडी धनौरा गई थी यहां उसकी मुलाकात मंडी धनौरा की ही एक युवती से हुई थी। दोस्ती का हाथ आगे बढ़ाते ही दोनों ने एक-दूसरे को अपने नंबर दे दिए।
इसके बाद युवती अमरोहा लौट आई और अगले दिन से दोनों के बीच मोबाइल पर बात होने लगी। इसके बाद में दोनों परिजनों को बिना बताए दिल्ली जाकर रहने लगीं। परिवार वाले दोनों को वापस लेकर आए, तो इसके बाद धनौरा की युवती घर छोड़कर अमरोहा में सहेली के घर आ गई। उसने घर लौटने से मना कर दिया।
दोनों ने एक-दूसरे के साथ प्रेम का इजहार कर दिया और साथ रहने की कसमें खाने लगीं। मंडी धनौरा की युवती ने पत्नी बनकर अमरोहा की युवती को अपना पति स्वीकार कर लिया। इसके बाद मंडी धनौरा की युवती घर छोड़कर अमरोहा में आ गई और सहेली के घर पर जा पहुंची। इसी सहेली को उसने अपना पति स्वीकार किया था।
परिजन लेने पहुंचे तो युवती बोली, वह बालिग है
उधर, मंडी धनौरा में युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। पुलिस ने पड़ताल की तो वह अमरोहा में मिली। पुलिस लेने पहुंची तो धनौरा की युवती ने पुलिस को शपथपत्र भेज दिया। इसमें कहा कि वह बालिग है। अपनी इच्छा से अमरोहा आई है। अब अपनी सहेली के घर उसके साथ ही रह रही है। परिजन लेने अमरोहा पहुंचे तो उसने जाने से मना कर दिया। फिलहाल दोनों युवतियों के परिजन उन्हें समझाने और मनाने का प्रयास करते रहे और वह दोनों शादी करने की जिद पर अड़ी रहीं।
अमरोहा में किराये पर रह रहीं हैं दोनों
इस बीच दोनों युवतियां परिजनों की मर्जी के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंच गईं। इसके बाद से दोनों युवतियां अमरोहा शहर में एक किराए का मकान लेकर पति-पत्नी की तरह ही साथ रह रही हैं। उन्होंने अपने इस रिश्ते को मुकाम देने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली थी। याचिका पर सुनवाई के दौरान हाइकोर्ट ने अमरोहा पुलिस को दोनों युवतियों को सुरक्षा देने का आदेश दिया। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर लोग हैरान है। दोनों युवकों की बेमेल मोहब्बत के किस्से शहर के लोगों की जुबां पर हैं।
हाईकोर्ट के आदेश पर शहर में साथ में रह रहीं दोनों युवतियों को सुरक्षा भी दी गई है। इस संबंध में काउंटर एफडेविट (सीए) भी दाखिल कराया जा चुका है। फिलहाल, दोनों युवतियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। - शक्ति सिंह, सीओ