नगीना और कांठ में खाद्य तेल की सप्लाई कर कैंटर से लौट रहे मुनीम और ड्राइवर से गांव अहरोई के पास बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर दोनों की पिटाई की। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। देहात थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हसनपुर के व्यापारी गोपाल दास खाद्य तेल का व्यापार करते हैं। सरसों के तेल की सप्लाई बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और आसपास के जिलों में होती है। बुधवार को इनका गजरौला निवासी ड्राइवर नत्थू सिंह और मुनीम बरेली के आंवला का रहने वाला ईश्वरी प्रसाद माल लेकर कैंटर से नगीना और कांठ सप्लाई देने गए थे। कांठ में सप्लाई देने के बाद मुनीम और ड्राइवर कैंटर से ही लौट रहे थे। मुनीम के पास पेमेंट में मिले तीन लाख 43 हजार रुपये थे।
मुनीम का आरोप है कि कांठ बाईपास पर गांव अहरोई के पास दो बाइक सवार होकर आए पांच बदमाशों ओवरटेक कर कैंटर को रुकवा लिया। रोकते ही तमंचे के बल पर उन्हें कब्जे में ले लिया और पिटाई शुरू कर दी। धमकाकर मुनीम से रुपये से भरा थैला और मोबाइल लूटकर भाग गए। बदमाशों के जाने पर मुनीम ने किसी तरह मालिक को सूचना दी।
इसके बाद सौ नंबर पर फोनकर मामले की जानकारी पुलिस को भी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कांबिंग की, लेकिन बदमाशों की कहीं अता पता नहीं चला। एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंच मामले की जांच की। मामले की तहरीर मुनीम की ओर से पुलिस को दी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चालक और मुनीम फिलहाल हसनपुर में रहते हैं।