अमरोहा। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मतदेय स्थलों के संभाजन और पुनर्व्यवस्थापन की आलेख्य सूची सोमवार को प्रकाशित कर दी गई। मतदेय स्थलों के संबंध में आम लोगों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी गरिमा सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल बनाने के लिए भवनों का चिह्नांकन किया गया है। आलेख्य सूची जिला निर्वाचन कार्यालय और सभी तहसील कार्यालयों में प्रकाशित की गई है। इसे जनपद की आधिकारिक वेबसाइट amroha.nic.in पर डीईओ पोर्टल के माध्यम से भी देखा जा सकता है। संबंधित व्यक्ति सूची का अवलोकन कर अपनी आपत्तियां और सुझाव संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।