भाकियू शंकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की दुकानों को आबादी से बाहर करने समेत कई मांगों को पूरा करने के लिए आवाज बुलंद की। मांगे पूरी न होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
अतरासी पुल के नीचे सोमवार को भारतीय किसान यूनियन शंकर के बैनर तले जन जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने कहा कि युवाओं में बढ़ती हुई नशे की प्रवृत्ति से समाज खोखला हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की दुकानों को आबादी से बाहर करने का कार्य किया जाए। यूपी प्रथमा ग्रामीण बैंक द्वारा गोल्ड केसीसी ऋण पर ब्याज एक अप्रैल से नौ प्रतिशत कर दी गई है, यह किसानों के साथ धोखा है। इस तुगलकी फरमान को वापस किया जाए।
निजी विद्यालयों में कक्षा एक से कक्षा 10 तक की पुस्तकों का मूल्य निर्धारण करने के साथ एडमिशन फीस व मासिक फीस का भी निर्धारण किया जाए। जनपद के सभी कृषि पोषकों पर 10 घंटे निर्बाध आपूर्ति की जाए। आंधी-तूफान से जनपद के किसानों की विद्युत लाइने बहुत क्षतिग्रस्त हो गई हैं, इन्हे जल्द सही किया जाए। किसान हित में मध्य गंगा नहर फेस टू में पानी छोड़ा जाए। इस दौरान धर्मवीर सिंह, अमीपाल सिंह, नेमपाल सिंह, अशोक चौधरी, राकेश रतन सिंह, राम अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।