मंडी धनौरा (अमरोहा)। बिजली की लाइन ठीक करने खंभे पर चढ़े एक निजी बिजलीकर्मी करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को बिजलीघर पर रखकर धरना दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मुआवजे का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। परिजनों का आरोप था कि बिजलीघर में तैनात कर्मचारी ने शट डाउन के बावजूद बिजली चालू कर दी।
निकटवर्ती गांव धनौरी खुर्द निवासी जगत सिंह (45) निजी बिजली कर्मचारी था। गांव से नसीरपुर को जाने वाली बिजली की लाइन में फाल्ट था। विभागीय लाइनमैन नन्हे सिंह सोमवार की शाम फाल्ट को ठीक करने के लिए जगत सिंह को साथ ले गया। जगत सिंह खंभे पर चढ़ कर फाल्ट ठीक कर रहा था। अचानक बिजली चालू कर दी गई। खंभे पर चढ़े जगत सिंह को जोरदार झटका लगा और नीचे गिर गया। वह बुरी तरह झुलस गया था। परिजन आनन-फानन में उसे मुरादाबाद ले गए। मंगलवार की अपराह्न उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के साथ मिलकर परिजनों ने शव को बिजलीघर पर रख दिया। वे मुआवजे की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे बिजली अधिकारियों ने मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हो गए।