सनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगाचोली में आंधी से टूटा पड़ा विद्युत पोल
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। बारिश से शहर और देहात में बिजली आपूर्ति शुक्रवार को प्रभावित रही। जिले में 33 केवी और 11 केवी की लाइन ब्रेक डाउन से आपूर्ति बाधित हो गई। कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए। इसके अलावा बिजली के तार पर टहनी गिरने से बिजली नहीं मिल सकी। शहर की स्ट्रीट लाइटें अंधेरे में डूबी रहीं। इसके अलावा जोया इलाके के 40 गांवों में बिजली गुल रही।
शहर के बाईपास पर 33 केवी बिजली की लाइन में फॉल्ट आ गया। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शुक्रवार की सुबह में बिजली कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फॉल्ट को दुरुस्त किया लेकिन दोबारा बारिश होने से काम रोकना पड़ा। दोपहर के बाद शहर के कुछ इलाकों में बिजली बहाल कर दी गई। दोपहर लगभग तीन बजे दोबारा फॉल्ट आ गया। इसके चलते आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कर्मचारियों की टीम ने दोबारा फॉल्ट को सही करने में जुट गई काफी जद्दोजहद के बाद आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। शहर के बड़ा दरबार, दानिशमंदान, सुबोध नगर, पुष्कर नगर इलाके में देर शाम तक बिजली बहाल नहीं हुई। इसके चलते स्ट्रीट लाइटें बंद रहीं। घर जाने के लिए शाम को लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कोचिंग के लिए गए बच्चों की वापसी तक घर वाले परेशान रहें।
कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए हैं। तार पर पेड़ की टहनियां टूटकर गिर गई हैं। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हैं। कर्मचारी फॉल्ट दूर करने में जुटे हें। - पीपी सिंह, अधिशासी अभियंता प्रथम