अमरोहा। चक्कालीलेट गांव में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। बाद में ग्रामीणों ने हाथों में लाठी-डंडे लेकर जंगल में तेंदुए को तलाश किया। घंटों तक कांबिंग की। लेकिन तेंदुए का कोई पता नहीं चला है। सूचना मिलते ही अमरोहा और मुरादाबाद से वन विभाग की टीम गांव पहुंची। जंगल में तलाशी अभियान चलाया।
यह मामला देहात थानाक्षेत्र के गांव चक्काली लेट का है। यहां रहने वाले किसान कपिल कुमार और राहुल गुरुवर को खेत पर काम कर रहे थे। उन्होंने गन्ना के खेत से तेंदुए को निकलते हुए देखा तो उनके होश उड़ गए। दौड़कर दोनों गांव पहुंचे और ग्रामीणों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में तमाम ग्रामीण हाथों में लाठी डंडे लेकर जंगल पहुंच गए। सूचना मिलने पर अमरोहा और मुरादाबाद जनपद से वन विभाग की टीम भी आ गई। सीओ सदर विजय कुमार राना और देहात थाना पुलिस भी गांव के जंगल पहुंची गई। सभी ने मिलकर जंगल में कांबिंग अभियान चलाया। लेकिन तेंदुए का सुराग नहीं मिला। वन विभाग के अफसरों ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मालूम रहे कि चार दिन पहले पड़ोस के गांव भुड़िया मिलक में तेंदुआ ने महिला विमलेश देवी पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।