मंडी धनौरा (अमरोहा)। गांव देहरा चक में सोमवार शाम सोविंदर सिंह के खेत में एक तेंदुए का शव पड़ा मिला। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम शव को साथ ले गई।
देहरा चक गांव निवासी सोविंदर सिंह सोमवार शाम करीब छह बजे खेत पर गए। उन्होंने मेड़ के पास एक तेंदुए का पड़ा देखा, जिसे देखकर वह घबरा गया। सोविंदर के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। सूचना पर रेंजर संजय चौधरी वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे गए। वनकर्मी ने पास जाकर देखा तो तेंदुए की मौत हो चुकी थी। रेंजर ने प्रभागीय वनाधिकारी को इसकी सूचना दी। वन विभाग की टीम तेंदुए के शव को ट्रैक्टर में लादकर ले आई। रेंजर ने बताया कि तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल तेंदुए का शव गांव दिसौरा के पास वन विभाग की नर्सरी में रखवा दिया है। मृत तेंदुआ नर है और उम्र करीब छह साल थी।
प्रथमदृष्टया मौत का कारण कीटनाशक से मानी जा रही
प्रथमदृष्टया तेंदुए की मौत का कारण कीटनाशक मिले पानी पीना माना जा रहा है।
रेेंजर संजय चौधरी ने बताया कि तेंदुए के शरीर पर चोट आदि का निशान नहीं था। मौत का कारण तो पोस्टमार्टम से ही पता लगेगा। हालांकि, अभी भीषण गर्मी पड़ रही है। खेतो में कीटनाशक का भी जमकर प्रयोग हो रहा है। हो सकता है कि तेंदुए ने कीटनाशक मिले पानी का सेवन कर लिया हो और उसकी मौत हो गई हो। तेंदुए के पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का पैनल बनाया जाएगा। वहीं, कुछ ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए की गर्दन पर घाव था।
काफी दिनों से है क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक
काफी अरसे से क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में तेंदुए की दस्तक बनी हुई थी। तेंदुआ कई गांवों में लगातार देखा जा रहा था। ग्राम देहरा कादर बख्श में तेंदुए ने एक ग्रामीण केसरी सिंह पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। ग्रामीण भी तेंदुए के डर से खेतों पर अकेला जाने से डर रहे थे।