अमरोहा। जिले में तेंदुए का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। डिडौली क्षेत्र के बाद अब नौगावां सादात क्षेत्र के गांव पैली चौहान के जंगल में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। मंदिर के चबूतरे पर बैठे तेंदुए का कार सवार युवकों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
बृहस्पतिवार शाम गांव पैली चौहान के कुछ युवक कार से अपने घर लौट रहे थे। गांव से पहले सड़क किनारे स्थित मंदिर के चबूतरे पर उनकी नजर एक तेंदुए पर पड़ी, जो आराम से बैठा हुआ था। युवकों ने कार रोककर उसका वीडियो बना लिया। इस दौरान आहट मिलने पर तेंदुआ चबूतरे से उठकर पास स्थित गन्ने के खेत में चला गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने वन विभाग को सूचना देकर गांव के जंगल में तत्काल पिंजरा लगाए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण खेतों में अकेले जाना खतरे से खाली नहीं है। एहतियात के तौर पर किसान समूह बनाकर खेतों में काम करने जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नौगावां सादात क्षेत्र के कई गांवों में पिछले कुछ समय से तेंदुए की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले तीन दिन पूर्व डिडौली थाना क्षेत्र के गांव मूंढ़ा इम्मा के जंगल में स्थित आम के बाग में भी तेंदुआ दिखाई दिया था। डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाया जाएगा।