कैलसा(अमरोहा)। सिरसा-उम्मरपुर मार्ग पर सोमवार देर शाम तेंदुआ दिखाई देने से करीब 2200 की आबादी वाले गांवों में दहशत फैल गई। तेंदुआ करीब दो मिनट तक सड़क पर खड़ा रहा, फिर खेतों में चला गया। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक वह ओझल हो चुका था। वन विभाग ने निगरानी के लिए दो टीमें लगाई हैं।
उम्मरपुर निवासी रजत सैनी के अनुसार, फाटक पार कर सिरसा-उम्मरपुर मार्ग पर डॉ. हरिकेश के घर के पास तेंदुआ दिखाई दिया था। ग्रामीणों ने खेतों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई दे रहा है। इससे किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं और शाम होते ही रास्तों पर आवाजाही कम हो जाती है। लोगों को बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि सूचना पर टीम भेजी गई है। निगरानी के लिए दो टीमें लगाई हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाया जाएगा।