अमरोहा। त्योहारों की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही भीड़ से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सोमवार को बाजार बटवाल, आजाद रोड, लकड़ा चौराहा समेत प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम लगा रहा। शाम को हालात और बिगड़ गए। लोगों को पैदल निकलने तक में परेशानी हुई। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दावों के बावजूद लोग जाम से जूझते रहे।
छह नवंबर को धनतेरस, सात को छोटी दिवाली, आठ को बड़ी दिवाली, नौ को गोवर्धन पूजा और 10 नवंबर को भैया दूज है। धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी के लिए आसपास के गांवों से भी लोग शहर पहुंच रहे हैं। कई लोगों ने सामान की बुकिंग भी करा रखी है। इससे बाजारों में वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
सोमवार को टीपी नगर चौराहे से कल्याणपुर चौराहे और अटल चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाजार बटवाल और आजाद रोड पर भी जाम से लोग परेशान रहे। पुलिसकर्मी यातायात सुचारु कराने में जुटे रहे, लेकिन वाहनों का दबाव कम नहीं हुआ।
-
बाजारों में ई-रिक्शा और कारों ने बढ़ाई मुसीबत
शहर के प्रमुख बाजारों में ई-रिक्शा, बाइक और कारों की आवाजाही ने समस्या को और बढ़ा दिया। कोर्ट चौराहा, बड़ा बाजार, कोतवाली के सामने और बाजार गुजरी में वाहनों की भीड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। टीपी नगर, कोर्ट, कल्याणपुर, अतरासी, शाह विलायत दरगाह और लकड़ा चौराहे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। त्योहारों के चलते आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यदि बाजारों में वाहनों का प्रवेश नियंत्रित करने और पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई तो त्योहारों के दौरान जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है
शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में व्यापारियों से भी बातचीत की जाएगी। धनतेरस से पहले शहर में रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया जाएगा, जिससे त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
— लखन सिंह यादव, एसपी अमरोहा