नौगांवा सादात प्रकरण में कोतवाल और हेड मोहर्रिर पर तबादले की कार्रवाई न होने पर मामला तूल पकड़ गया है। सोमवार को जिलेभर के लेखपाल कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के चलते उन्होंने कोई कामकाज नहीं किया। शाम के समय मांगों से संबंधित ज्ञापन एडीएम वित्त व राजस्व को भी सौंपा गया। लेखपालों का कहा, जब तक दोनों का तबादला नहीं होता, उनकी हड़ताल जारी रहेगी। उधर, लेखपालों की हड़ताल के चलते अपना काम कराने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नौगांवा सादात में बीते शनिवार को लेखपाल द्वारा मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने में खड़ा करने को लेकर कोतवाल और हेड मोहर्रिर की लेखपाल के साथ नोकझोंक हो गई थी। जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया था और लेखपाल थाने में ही धरने पर बैठ गए थे। सूचना पर तहसीलदार लकी सिंह और एसडीएम बृजपाल सिंह मौके पर पहुंचे थे, लेकिन समझाने के बावजूद लेखपाल मांगों पर अड़ रहे। इसके बाद एडीएम न्यायिक मायाशंकर यादव ने मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाने के बाद कार्रवाई का भरोसा देते हुए धरना समाप्त कराया था। लेकिन, कोई कार्रवाई न होने पर उत्तर प्रदेश लेखपाल ने सोमवार को जिलेभर में कलमबंद हड़ताल का एलान कर दिया था।
इसके बाद सोमवार को जिलेभर के लेखपाल हड़ताल पर चले गए। अमरोहा में तहसील में भी लेखपाल धरने पर बैठ गए। संघ के जिलाध्यक्ष सचिन यादव ने कहा कि कोतवाल व हेड मोहर्रिर के तबादले तक उनका धरना जारी रहेगा। मामले को लेखपाल संघ ने कोतवाल प्रेमपाल सिंह व हेड मोहर्रिर के तबादले की मांग को लेकर एडीएम वित्त व राजस्व बृजेश त्रिपाठी को ज्ञापन भी सौंपा। धरने पर जिलाध्यक्ष सचिन यादव, नरेंद्र सिंह, दीपक दिलवानिया, परवेज अली, प्रशांत यादव, पितांबर सिंह,गौरव कुमार, जितेन्द्र शर्मा, मुकेश कुमार, मोहित यादव शामिल रहे।
लेखपाल बोले, पहले से अभद्रता करते हैं कोतवाल
एडीएम वित्त व राजस्व को दिए ज्ञापन में लेखपाल संघ ने कहा कि कोतवाल प्रेमपाल सिंह पहले से ही लेखपालों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं। इससे पहले भी कई मामलों में उन्होंने लेखपालों के साथ अभद्रता की है। जिलाध्यक्ष सचिन यादव ने बताया कि थाना दिवस के प्रकरणों में भी कोतवाल पुलिस बल मांगने के लिए तीन दिन पहले आवेदन देने को कहते हैं।
मंडी धनौरा, हसनपुर व नौगांवा में भी हुआ प्रदर्शन
मंडी धनौरा। नौगांवा थाने के प्रभारी निरीक्षक व हेड मोहर्रिर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लेखपाल संघ के आह्वान पर धनौरा तहसील में भी लेखपालों ने धरना प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष सुमित यादव ने कहा कि नौगांवा थाना प्रभारी काफी समय से लेखपालों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। दिनेश कुमार, अनुज सैनी आदर्श, अमित वर्मा आदि मौजूद रहे। जबकि, हसनपुर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले तहसील परिसर में लेखपालों ने बेमियादी धरना शुरू कर दिया। अध्यक्ष दीपक कुमार, सचिव मनोज कुमार, सतीशचंद, मुस्तकीम अली, सतीश कुमार, केशव सरन, केशव दत्त शर्मा आदि रहे। उधर, नौगांवा तहसील में भी लेखपालों ने धरना दिया।