अमरोहा। रंगों के त्योहार होली पर सीएमओ ने डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी निरस्त कर सभी अस्पताल सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। इससे त्योहार पर होने वाली दुर्घटनाओं से आसानी से निपटा जा सके। इमरजेंसी में डॉक्टरों की तैनाती की गई है।
होली पर सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं राउंड द क्लॉक अलर्ट रहेंगी। इसके लिए डॉक्टर-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर स्टेशन नहीं छोड़ने की हिदायत दी गई हैं। जिले के सरकारी अस्पताल चौबीस घंटे अलर्ट रहेंगे। इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित उपलब्धता के लिए ईएनटी, फिजीशियन एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा ईएनटी व नेत्र सर्जन ऑन कॉल भी परामर्श देंगे। मरीजों को भर्ती करने के लिए सीएचसी में चार-चार जबकि जिला अस्पताल 40 बेड की अलग से व्यवस्था रहेगी। किसी भी तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंसों को अपने निर्धारित स्पॉट पर अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सक-कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय स्तर से कार्रवाई करने की जाएगी।
सीएमओ डॉ. सत्यपाल सिंह ने बताया कि त्योहार पर इमरजेंसी में चिकित्सक, कर्मचारियों, दवाओं और मेडिकल उपकरण, एंबुलेंस समेत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। जरूरत पड़ने पर ईएनटी व स्किन चिकित्सक ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे। एंबुलेंस स्टाफ को भी जरूरी हिदायत के साथ अपने निर्धारित प्वाइंट्स पर अलर्ट रहने को कहा गया है। जिला अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी में मरीजों को भर्ती कर इलाज करने के लिए बेड, दवाओं के पर्याप्त इंतजाम हैं।