कोतवाली क्षेत्र के गांव मकनपुर शुमाली में संदिग्ध परिस्थितियों में 21 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। हत्या की आशंका जताते हुए परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखूपुर झकड़ी निवासी कोसिंद्र थे। पड़ोस के गांव मकनपुर शुमाली में क्षेत्र पंचायत निधि से सड़क एवं नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य में कोसिंद्र मजदूरी करने के लिए गए थे। मंगलवार दोपहर तीन बजे अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर की मौत हो गई। साथी मजदूरों का कहना है कि उसे हार्ट अटैक पड़ा था, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर गया। उसे पानी भी पिलाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। निजी चिकित्सक को दिखाया। जिसने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सीओ एवं कोतवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी।