मंडी धनौरा। राशन विक्रेताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से राशन वितरण में मिलने वाले कमीशन को बढ़ाने की मांग की है। राशन विक्रेताओं ने अपनी मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि कोरोना काल में भी राशन विक्रेताओं ने अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए लोगों को राशन वितरण का काम जारी रखा। कहा कि प्रदेश में राशन वितरण पर मात्र 90 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है, जबकि केरल में 200 रुपये, उत्तराखंड में 180, हरियाणा में 200 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन दिया जाता है। गुजरात में न्यूनतम गारंटी के तहत राशन विक्रेता को 20 हजार रुपये मिलते हैं।
कोटेदारों ने ज्ञापन में कहा है कि लोकसभा चुनावों के बाद उनका कमीशन बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन, अभी तक उनकी मांग पर विचार भी नहीं किया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि 20 नवंबर तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो लखनऊ में 25 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष सौनाथ सिंह, योगेंद्र गांधी, कृपाल सिंह, शेर सिंह, राजपाल सिंह, धर्म सिंह आदि मौजूद थे।