गजरौला के भरतिया ग्राम में जुबिलेंट कप टूर्नामेंट के दौरान शॉट लगाता बल्लेबाज।
- फोटो : amar ujala
जुबिलेंट कप 2016 के ग्रुप बी के दूसरे मुकाबले में दिल्ली की टेलीफुन्कन को 134 रनों से हराकर केजी जिमखाना (दिल्ली) सेमीफाइनल में पहुंच गई। विजेता टीम के खिलाड़ी राहुल दलाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अयोजकों ने बताया कि ग्रुप बी का सेमीफाइनल मुकाबला तीन अप्रैल को एयर इंडिया और केजी जिमखाना के बीच खेला जाएगा।
भरतियाग्राम के स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे मुकाबले में केजी जिमखाना ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। इसके बाद जिमखाना की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 284 रन बनाए। इसमें जिमखाना के बल्लेबाज राहुल दलाल ने सर्वाधिक 116, यशपाल डागर ने 65, राहुल डागर ने 65, उदित मोहन ने 20 रनों का योगदान दिया। टेलीफुन्कन के गेंदबाज शिव सिंह व अशोक संधु ने 2-2 विकेट व लवनीश ने 3 विकेट झटका।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे टेलीफुन्कन के बल्लेबाज जिमखाना के गेंदबाजों के आगे बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके। टेलीफुन्कन की टीम 25.4 ओवर में 150 रन के स्कोर पर ही आलआउट हो गई। बल्लेबाज प्रियांक तेहलान ने सर्वाधिक 32, प्रशांत भंडारी ने 29, पार्थ मदाना ने 22 व शिव सिंह ने 15 रनों का योगदान दिया। जिमखाना के गेंदबाज राहुल डागर ने 4, उदित मोहन व अमरिंदर ने 2-2 व शाहबाज खान ने 1 विकेट लिया।
इस प्रकार केजी जिमखाना ने 134 रनों से मैच जीत लिया। अंपायर अनिल चौधरी व किशन शर्मा रहे। कमेंटरी अवनीत चौहान, ब्रिजेश अग्रवाल, सोबरन सिंह व गंगाराम तथा स्कोरिंग विशाल चौधरी, राजीव गौतम, राजीव शर्मा प्रसून अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि सुभाष विश्वकर्मा एडीएफ, अमित जोशी एचआर हेड और अतिथि सीबी भारद्वाज, कैलाश जोशी थे।