अमरोहा। स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ यात्रा के लिए जिला अस्पताल के मेटरनिटी विंग में 15 बेड का मल्टीपर्पज वार्ड बनाया है। यही वार्ड बाढ़ पीड़ितों के लिए भी काम आएगा। इसके अलावा गजरौला, हसनपुर व मंडी धनौरा वार्ड तैयार किए गए हैं। सभी जगह डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है और दवाओं का पर्याप्त इंतजाम किया गया। इसमें दवाओं के पर्याप्त इंतजाम के साथ एक-एक फिजिशियन, सर्जन, ऑर्थोपेडिक और नेत्र रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई गई है।
11 जुलाई से कांवड़ यात्रा और आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग स्तर पर जिला अस्पताल के मेटरनिटी विंग में अलग से मल्टीपर्पज वार्ड तैयार किया है। अस्पताल की इमरजेंसी में भी डॉक्टर व स्टाफ को अलर्ट किया गया है। आगामी त्योहारों और खादर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सावन की कांवड़ यात्रा पर जिले के सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के मद्देनजर तैयारी शुरू कर दी गई है।
खादर में बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दवाओं के इंतजाम के साथ ही उनमें डॉक्टर व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाते हुए लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह का हादसा होने पर कांवड़ियों को तुरंत भर्ती कर इलाज शुरू किया जाएगा।
सीएमएस डॉ. एके भंडारी ने बताया कि वार्ड में जरूरी दवाओं के इंतजाम के साथ एक-एक फिजिशियन, सर्जन, ऑर्थोपेडिक और नेत्र रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अस्पताल की इमरजेंसी में भी डॉक्टर व स्टाफ को अलर्ट कर ड्यूटी लगाई गई है। मल्टीपर्पज वार्ड बनकर तैयार है। इनमें कांवड़ियों के अलावा बाढ़ पीड़ित मरीजों और डेंगू, मलेरिया के मरीजों को भी भर्ती कर इलाज किया जाएगा। इसके लिए दवाओं का पर्याप्त इंतजाम है।
हसनपुर सीएचसी में कांवड़ियों के लिए विशेष वार्ड तैयार
हसनपुर। सावन माह शुरू होने से पहले हसनपुर सीएचसी में हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगा जल लाने वाले शिवभक्तों के लिए विशेष तैयारियां की हैं। सीएचसी में 10 बेड का एक वार्ड कांवड़ियों के लिए तैयार किया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. ध्रुवेंद्र सिंह ने बताया कि इस वार्ड का उद्देश्य कांवड़ियों का स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें तुरंत भर्ती कर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। संवाद
-
शिवभक्तों के लिए बनाया नौ बेड का वार्ड
गजरौला। सीएचसी में कांवड़ियों के लिए नौ बेड का वार्ड बनाया गया है जिससे किसी का स्वास्थ्य खराब होने पर तुरंत भर्ती कराया जा सके। ऊपरी मंजिल पर बने वार्ड में कूलर भी लगवाया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि इसी वार्ड में बाढ़ प्रभावित लोगों को भी रखा जा सकता है। संवाद
-
कांवड़ यात्रा के चलते जिला अस्पताल में 15 बेड का मल्टीपर्पज वार्ड तैयार किया गया है। गजरौला, हसनपुर और मंडी धनौरा सीएचसी में भी वार्ड तैयार किए गए हैं। जिससे जरूरत पड़ने पर शिव भक्तों का इलाज कराया जा सके। डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी गई है, सभी तरह की दवाइयां मौजूद हैं। - डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ