श्री शिवमहापुराण शुरू होने से पहले कलश यात्रा निकालतीं पालिका अध्यक्ष व अन्य। स्रोत आयोजक
अमरोहा। शहर में पहली बार श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन मोहल्ला कोट स्थित प्राचीन रियासत मंदिर में किया गया है। कथा से पूर्व कलशयात्रा निकाली गई। कलशयात्रा कथा स्थल से शुरू होकर मोहल्ला कोट, बाजार बजरिया व कोट सब्जी मंडी होती हुई वापस कथा स्थल पर पहुंची। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
कथावाचक नवीन प्रसाद नौटियाल शास्त्री ने श्री शिव पुराण के महत्व को बताते हुए कहा कि शिव पुराण एक दिव्य ग्रंथ है। इसके सुनने से जीव के समस्त पापों का नाश हो जाता है। शिव पुराण की महिमा यह है कि इसके पाठ, श्रवण और पूजन से व्यक्ति पापों से मुक्त होता है। मोक्ष और विभिन्न प्रकार के भोगों की प्राप्ति होती है। जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं। यह पुराण भगवान शिव के स्वरूप, लीला-कथाओं और ज्ञान का उत्कृष्ट विवरण है जो धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष रूप चारों पुरुषार्थ प्रदान करता है। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्षा शशि जैन, डॉ. रमेश चंद्र गुप्ता, मन्नत बंसल, दीपक बंसल, सौरभ अग्रवाल, शरद अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अनीता गुप्ता, अंजुला अग्रवाल, शशि चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।