तिगरी गंगा में डूबे तीनों भाइयों के माता-पिता व बहन के बीच बैठ तलाश के लिए फोन पर बात करत
गजरौला (अमरोहा)। चार दिन पहले तिगरी गंगा में बहे तीनों भाइयों अनुज, ओमकार व बंटी को शनिवार को खोजने में एसडीआरएफ भी नाकाम रही। बेटों के गम में सुध खो बैठी मां शशिबाला, पिता रामपाल व बहन सुधा को देखकर हर किसी की आंख से आंसू छलक जा रहे हैं। मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा ने एसडीएम से फोन पर बात कर तीनों भाइयों को खोजने के लिए अभियान और तेज चलाने के निर्देश दिए।
अमरोहा के मोहल्ला दानिशमंदान निवासी तीन सगे भाई अनुज, ओमकार व बंटी बुधवार को तिगरी गंगा में बह गए थे। तभी से तहसील प्रशासन द्वारा मुहैया कराई मोटरबोट से पुलिसकर्मी व गोताखोर उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक पता नहीं चल सका है। शुक्रवार से बाढ़ राहत पीएसी के जवानों को भी तलाश में लगा दिया गया। प्राइवेट नाव से गोताखोरों की अन्य टीम भी खोजबीन में लगी है। तहसील प्रशासन की लापरवाही का हाल यह रहा कि वह पीएसी की टीम को एनडीआरएफ व एसडीआरएफ बताकर परिजनों को भ्रमित करता रहा।
अमर उजाला में शनिवार के अंक में खबर प्रकाशित होने पर बिजनौर से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ ) की टीम बुलाया गई। एसआई विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में आई टीम ने भी सुबह 8 बजे से शाम करीब 4 बजे तक गंगा में तलाशी अभियान चलाया। शनिवार को तीन टीम तीनों भाइयों को खोजने में लगी रहीं। ब्रजघाट से लेकर तिगरी तक गंगा का कोना-कोना खंगाल, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला।