अमरोहा। ज्येष्ठ दशहरा पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नेशनल हाईवे और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना के मद्देनजर विशेष यातायात योजना तैयार की गई है। हाईवे पर पुलिस की ड्यूटियां तैनात कर दी गई हैं और आज भीड़ बढ़ते ही रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। जैसे ही ब्रजघाट और तिगरी घाट पर श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ेगा, तत्काल प्रभाव से हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी भारी वाहन वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरेंगे।
करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के ब्रजघाट, तिगरी धाम, धनौरा के सीपिया घाट, हसनपुर के पूठ घाट, पौरारा, सिरसा और जल्लोपुर घाटों पर पहुंचने की संभावना जताई गई है। डायवर्जन प्लान 26 मई सुबह तक डायवर्जन लागू रहेगा
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि 25 मई को ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इसी को देखते हुए 24 मई की दोपहर 12 बजे से 26 मई की सुबह 8 बजे तक नेशनल हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
इस दौरान ट्रक, डीसीएम, कंटेनर, निजी बसों सहित सभी भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा ताकि हाईवे पर दबाव कम रहे और यातायात सुचारु बना रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दूध, फल, सब्जी, दवा और अन्य आवश्यक वस्तुओं के वाहनों के साथ-साथ एंबुलेंस को हाईवे पर आवागमन की अनुमति रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर रोडवेज बसों और हल्के वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जा सकता है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही पार्किंग, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ब्रजघाट, तिगरी धाम सहित अन्य घाटों पर पहुंचने की संभावना है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
डायवर्जन योजना के तहत रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी भारी मालवाहक वाहन शाहबाद से बिलारी, चंदौसी और बहजोई होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे के जरिए खड़लिया कट, सिंभावली, हापुड़ मार्ग से गाजियाबाद और दिल्ली भेजे जाएंगे। वहीं मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले भारी और हल्के वाहन संभल, खिरनी और गंगा एक्सप्रेस-वे होकर आगे बढ़ेंगे।