फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: शमी के गांव में स्टेडियम के लिए सिर्फ इंतजार

Tue, 29 Apr 2025 01:50 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। लगभग डेढ़ साल बीतने के बाद भी शमी के गांव सहसपुर अली के लोगों को स्टेडियम का इंतजार हैं। अभी तक राजस्व परिषद से जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी है। जबकि, डीएम ने भी राजस्व परिषद को इस संबंध में पत्र लिखा है। स्टेडियम का निर्माण युवा कल्याण विभाग कराएगा।
विज्ञापन

साल 2023 के विश्वकप में अपनी शानदार गेंदबाजी से विपक्षी टीम के छक्के छुड़ाने वाले अमरोहा के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के गांव में प्रशासन ने स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। इसके लिए शासन से पांच करोड़ रुपये का बजट भी जारी हुआ था। लेकिन, जमीन के युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरण नहीं होने से स्टेडियम का निर्माण अभी तक अधर में लटका है।
क्रिकेटर मोहम्मद शमी जोया ब्लॉक के गांव सहसपुर अली नगर के रहने वाले हैं। 2023 विश्वकप में उन्होंने अपनी पैनी गेंदबाजी से भारतीय टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने उनके गांव में ग्रामीण स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। युवा कल्याण विभाग को स्टेडियम बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए गांव में 1.092 हेक्टेयर जमीन का चिह्नीकरण भी कर लिया गया।
विज्ञापन

उक्त जमीन राजस्व अभिलेखों में श्रेणी चार क के सीलिंग भूमि और बंजर के रूप में दर्ज है। जिसको राजस्व विभाग से युवा कल्याण विभाग में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शासन से स्टेडियम के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट जारी करते हुए पैक्सफैड को कार्यदायी संस्था भी नामित कर दिया गया। हालांकि, बाद में तत्कालीन डीएम आरके त्यागी ने शासन से पत्राचार कर कार्यदायी संस्था में बदलाव कराया था।
जिसके बाद पैक्सफेड के बजाय उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को इस स्टेडियम के निर्माण का जिम्मा दिया गया, लेकिन करीब डेढ़ साल का लंबा अंतराल बीतने के बाद अभी तक जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी है।
स्टेडियम बनने से नहीं लगानी होगी सड़कों पर दौड़

पांच करोड़ रुपये से ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण होगा, जिससे युवाओं को सुविधा मिल सकेगी। तैयारियों के लिए युवाओं को सड़कों पर दौड़ लगाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए स्टेडियम में 200 मीटर का रनिंग ट्रैक व बहुद्देश्यीय हॉल का निर्माण कराया जाएगा।
पीएम ने भी की थी मंच से घोषणा

लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अमरोहा का गौरव बताते हुए उनके गांव में स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की थी। इसके इसके बाद भी उनके गांव में बनने वाले स्टेडियम के निर्माण को गति नहीं मिल पा रही है।
- शमी के गांव में स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने इसके निर्माण के लिए बजट भी विभाग को देने के बाद कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी है। निर्माण जल्द शुरू कराने को जमीन को हस्तांतरित कराने के लिए प्रक्रिया तेज कराई जाएगी। - अश्वनी कुमार मिश्रा, सीडीओ
- स्टेडियम के निर्माण को जरूरी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। बस जमीन के हस्तांतरण का इंतजार किया जा रहा है। हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। - ऋषि कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी
- स्टेडियम के निर्माण को जमीन की हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी कराने को राजस्व परिषद को पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होकर स्टेडियम का निर्माण भी शुरू हो सकेगा। - निधि गुप्ता वत्स, डीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें