फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव ने की जल जीवन मिशन की समीक्षा

Wed, 11 Jun 2025 02:09 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव अमित शुक्ला जिले के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को पहुंचे। उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन से संबंधित समीक्षा बैठक की। मध्य गंगा नहर निर्माण खंड-2 की प्रगति भी जानी। उन्होंने जोया ब्लाक के गांव इकौंधा व हसनपुर तहसील के गांव चंदनपुर खादर का निरीक्षण करते हुए हर घर जल योजना का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
विज्ञापन

जल जीवन मिशन के तहत जिले भर में हर घर जल योजना चलाई गई थी। जिसमें गांवों में पानी की टंकी का निर्माण करते हुए ग्रामीणों को कनेक्शन भी दिए गए। इसके अलावा जल संचयन के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग भी सरकारी व अर्द्धसरकारी भवनों पर की गई। इसके अतिरिक्त तालाबों की खोदाई आदि का काम भी जल संचयन के लिए किया गया था। सरकार की और से चलाई जा रही कैच द रेन योजना के तहत भी कई कार्यों को पूरा किया गया। अब केंद्र सरकार इन कार्यों की समीक्षा करा रही है। अमरोहा में हुए कार्यों की समीक्षा के लिए केंद्र सरकार की ओर से ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त सचिव अमित शुक्ला को नोडल नामित किया गया था।
मंगलवार को वह जिले में पहुंचे। पहले उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की हर घर पर जल योजना, मध्य गंगा नहर निर्माण खंड- 2 की प्रगति व जल शक्ति अभियान की कैच द रेन- के अंतर्गत किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंनें लंबित परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने प्लंबर ओर फिटर की ट्रेनिंग, जिले में भूजल स्तर, पानी की गुणवत्ता, भूजल स्रोत और जल की आवश्यकता व रिचार्ज के बारे में जानकारी की।
विज्ञापन

मध्य गंगा नहर निर्माण परियोजना चरण -2 की स्वीकृति के संबंध में अधीक्षण अभियंता अलीगढ़, बिजनौर, संभल, मेरठ, रुड़की की जानकारी लेते हुए भौतिक और वित्तीय प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैच द रेन के अंतर्गत किये जाने वाले कार्यों की जानकारी लेते हुए अवर अभियंता लघु सिंचाई से लेकर कम्युनिटी मोबीलाइजेशन में किए जा रहे कार्यों संबंधी तीन माह की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मियाबाकी पद्धति की जानकारी लेते हुए स्थानीय पेड़ों की प्रजातियों को रोपित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि किसी भी योजना को लंबे समय के लिए तैयार कर कार्य करें। समीक्षा बैठक के बाद संयुक्त सचिव ने जोया ब्लाक के गांव इकौंधा व हसनपुर तहसील के गांव चंदनपुर खादर में हर घर जल योजना का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उनका फीड बैक भी लिया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने विकास भवन स्थित जल शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। समीक्षा बैठक में डीएम निधि गुप्ता वत्स, सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, परियोजना निदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक सीडब्ल्यूसी गोवर्द्धन प्रसाद, डीपीआरओ पारूल सिसोदिया, अधीक्षण अभियंता मध्य गंगा नहर के अलावा बुलंदशहर, अलीगढ़, मेरठ, बिजनौर, रुड़की, मुरादाबाद, संभल सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें