मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन असली के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बछरायूं बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता पर किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करने व गाली गलौज करने का आरोप लगाया। वहीं विरोध में 13 जून को बछरायूं बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
ब्लॉक अध्यक्ष जसपाल सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बछरायूं बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता किसानों के साथ बातचीत में अपशब्दों का प्रयोग करते हैं। भाकियू का आरोप था कि अवर अभियंता की कार्यशैली भी खराब है। भाकियू नेताओं का कहना था कि कई बार जेई को कार्यशैली व व्यवहार में सुधार लाने की चेतावनी दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
भाकियू ने आगामी 13 जून को बछरायूं बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। ग्राम पालनपुर में हाईटेंशन लाइन के तारों को बदले जाने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। इस अवसर पर नरेश कुमार, जावेद मलिक, अनवर अली, कपिल प्रधान, मोहम्मद आसिफ आदि मौजूद रहे