अमरोहा। डीएम उमेश मिश्र ने बुधवार को निर्माणाधीन प्रोजेक्ट और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निर्माणाधीन नाला की क्वालिटी की जांच के लिए जेई निर्माणाधीन नाले में उतरे। उन्होंने बालू और सीमेंट का सैंपल एकत्र किए। डीएम ने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। कई जगहों पर सड़क और प्लाट पर कूड़ा बिखरा मिला। इसके अलावा नाले की दीवार पर निर्माण कराने पर भड़क गए। उसके साथ ही गिट्टी बिखेरने वाले व्यक्ति से भी जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया।
शहर के सौंदर्यीकरण के लिए टीपी नगर चौराहे पर वाटर फॉल का निर्माण हो गया है। इसके अलावा नाला निर्माण भी शुरू हो गया है। डीएम उमेश मिश्र बुधवार को लगभग 11 बजे टीपी नगर चौराहे पर पहुुंचें। ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी से नाला निर्माण के बारे में जानकारी ली। जेई पंकज रस्तोगी से निर्माण के मानक के बारे में पूछा। इसपर जेई नाले में उतर गए। उन्होंने सीमेंट और बालू के मिश्रण का सैंपल लिया। डीएम ने नाला निर्माण अधूरा होने पर सवाल जवाब किए। यहां पर पेड़ के चलते नाला निर्माण में अड़चन आ रही थी। उन्होंने समस्या का समाधान करने को कहा। इसके बाद वह बिजनौर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचें। यहां पर कूड़ा बिखरा मिलने पर नाराजगी जताई। इसके बाद वह नई बस्ती मोहल्ले की गली में पहुंचें। यहां पर नाले की दीवार पर मकान की नींव खड़ी करने पर भड़क गए। उन्होंने ईओ से प्लाट मालिक के खिलाफ नोटिस जारी करने को कहा। इसके बाद वह गली में पैदल चलने लगे। एक प्लाट में कूड़ा मिलने पर सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। सड़क पर गिट्टी बिखरी मिलने पर कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने संबंधित व्यक्ति से जुर्माना वसूलने को निर्देश दिए।
इंटरलॉकिंग की ईंट और स्लैब की डिजाइन तलब
अमरोहा। शहर के सौंदर्यीकरण में कोई कसर न छूट जाए, इसपर डीएम उमेश मिश्र ने ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए। टीपी नगर से बिजनौर रोड तक इंटरलॉकिंग की ईंट की क्वालिटी को मानक के अनुरूप रखने का निर्देश दिया। कहा कि ईंट की क्वालिटी में कमी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नाले के ऊपर स्लैब के डिजाइन के बारे में पूछताछ किया। उन्होंने ईंट और स्लैब को परखने को कहा है।
दोपहर के बाद सड़क और नालों को साफ कर दिया
अमरोहा। सफाई अनुभाग की टीम दोपहर एक बजे मोहल्ला नल नई बस्ती के सड़क पर पहुंची। सफाई इंस्पेक्टर मोहम्मद इल्तिजा ने प्लाट से कूड़ा उठवाया। नालियों को साफ कराया। इसके अलावा सड़क पर फैली गंदगी को साफ कराया।