अमरोहा में टीपी नगर चौराहे पर जाम में फंसे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पीडब्ल्यूडी और ट्रैफिक विभाग की लापरवाही के चलते शहर का टीपी चौराहा बृहस्पतिवार को दिनभर जाम से जूझता रहा। सुबह से दोपहर तक लगने वाली इस जाम से आजिज लोग व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए। स्कूली बच्चे जाम में फंसकर परेशान रहे।
शहर का टीपी नगर मुख्य चौराहा है। ये चौराहा जोया, गांधी मूर्ति, अतरासी रोड और मुख्य बाजार को जोड़ता है। गुरुवार को चौराहे पर दिनभर जाम लगा रहा। कहने के लिए तो कुछ सिपाहियों की यहां ड्यूटी लगी है। लेकिन लोग जाम शिकार होते हैं। यहां प्रतिदिन लगने वाली भीषण जाम लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गयी है। नजदीक में सीएचसी केंद्र होने के कारण मरीजों की भी आवाजाही लगी रहती है। वहीं, स्कूली बच्चे जाम में घंटों फंसकर बिलबिलाते रहते है। लेकिन इनकी सुधी लेने वाला कोई नहीं है।
टैंपो और ई-रिक्शा चालकों को कार्रवाई का डर नही है। वहीं, फुटपाथ विक्रेता सड़क पर अपनी दुकानें सजाकर बैठे रहते है। ऐसे में यातायात पुलिस अगर इन मार्गों को चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से वाहनों को निकाले तो कुछ राहत जरूर मिल सकती है।