अमरोहा। कोरोना संक्रमण फैलाने के आरोप में गिरफ्तार 105 जमातियों को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने 70 को उनके घर भेज दिया है। अमरोहा नगर और बछरायूं पुलिस ने मंगलवार को भी 11 जमातियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें भी जमानत मिल गई है। बाकी जमातियों को उनके घर भेजा जाएगा। जिला प्रशासन उनके छोड़ने की व्यवस्था कर रहा है।
वैश्विक महामारी में दिल्ली के निजामुद्दीन के तब्लीगी जमात में शामिल दिल्ली, गुजरात, बिहार, आसाम और पश्चिमी बंगाल के करीब 105 जमाती अमरोहा के जोया स्थित मदरसा, फत्तेहपुर माफी, रजबपुर, अमरोहा नगर और बछरायूं में रुके थे। पुलिस ने फोन लोकेशन के आधार पर सभी को क्वारंटीन कराया था। उनके सैंपल कराए गए। इसमें ग्यारह जमाती और उनको संरक्षण देने वाले समेत बारह लोग कोरोना संक्रमित निकले थे। इनकी वजह से जिले में संक्रमण का खतरा बढ़ गया था। छह मई को डिडौली, रजबपुर, नगर कोतवाली और बछरायूं पुलिस ने 72 जमातियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। सभी को खिलाफ आपदा प्रबंधन और महामारी अधिनियम तहत आरोपी बनाया गया था। इसमें कई लोग जमातियों को संरक्षण देने वाले भी शामिल हैं। पुलिस ने एफआईआर की विवेचना की। इसके बाद जमातियों की संख्या बढ़कर 105 पहुंच गई। सोमवार तक 94 जमातियों को कोर्ट से जमानत मिल गई थी। इनमें से आंबेडकर नगर के एक जमाती की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। सोमवार की रात जिला प्रशासन ने 70 जमातियों को घर भेज दिया है। जबकि मंगलवार को अमरोहा नगर और बछरायूूं पुलिस ने 11 और जमातियों को न्यायालय में पेश किया था। अब सभी जमातियों को जमानत मिल गई है। शेल्टर होम में ठहरे अन्य 35 जमातियों को उनके घर छोड़ने की तैयारी की जा रही है।