फाल्गुनी अमावस्या पर ब्रजघाट गंगा में स्नान को उमड़े श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
फाल्गुनी अमावस्या के मौके पर ब्रजघाट गंगा में गुरुवार को हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के लिए दूर-दराज जनपदों के श्रद्धालु बुधवार मध्यरात्रि से ही ब्रजघाट पहुंचना शुरू हो गए थे। श्रद्धालुओं ने सूर्य की लालिमा गंगा की लहरों पर पड़ने से पूर्व ही स्नान शुरू कर दिया था। स्नान के बाद गरीब निराश्रितों को अन्न, वस्त्र दान कर पुण्य कमाने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। उधर, स्नान के चलते हाईवे पर जाम के हालात बने रहे।
फाल्गुनी अमावस्या पर गंगा स्नान का काफी महत्व होता है। इस अमावस्या पर ब्रजघाट गंगा में स्नान को हर साल भारी तादाद में श्रद्धालु उमड़ते हैं। इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। गंगा में स्नान के लिए मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, संभल, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत कई जनपदों से श्रद्धालु स्नान के लिए उमड़ते हैं। स्नान के लिए बुधवार मध्यरात्रि से ही ब्रजघाट में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। गुरुवार भोर के चार बजे तक गंगा घाट खचाखच भर गया। सूर्य को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान के बाद गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र दान किया। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठान का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस तैनात रही। उधर, तिगरी गंगा धाम पर भी हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान का सिलसिला शाम तक चलता रहा।
फाल्गुनी अमावस्या के पावन अवसर पर गुरुवार को ब्रजघाट गंगा तट पर स्नान के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। जहां एक ओर श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग ब्रजघाट पुल पर जाम की समस्या बनी रही। ब्रजघाट पुल से सफर के दौरान गुजरने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। ब्रजघाट पुल पर डग्गामार वाहनों का कब्जा हो जाने और श्रद्धालुओं के निजी वाहन पुल के आसपास लगे होने की वजह से जाम की समस्या पैदा हुई। करीब तीन घंटे तक ब्रजघाट पुल पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। इससे हाईवे पर सफर करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यातायात सुचारु कराने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी पसीना बहाना पड़ा।
फाल्गुनी अमावस्या पर गुरुवार को भोर के चार बजे से ही ब्रजघाट गंगा तट पर श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए। गंगा की लहरों पर सूर्य की किरणों की लालिमा पड़ने तक गंगा तट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की लापरवाही की वजह से ब्रजघाट पुल पर डग्गामार वाहनों एवं श्रद्धालुओं के निजी वाहनों का कब्जा होने की वजह से जाम की समस्या बन गई। ब्रजघाट पुल पर वाहनों का जमावड़ा होने से नेशनल हाईवे पर यातायात सुचारु रह पाना मुश्किल हो गया। वाहनों ने सुबह सात बजे से ही रेंगना शुरू कर दिया। कई बार तो पंद्रह से दस मिनट तक के लिए वाहनों के पहिए थमे रहे। इससे नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब दस बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। यातायात सुचारू करने के लिए पुलिस कर्मी सड़क पर खूब डंडा फटकारते देखे गए। हालांकि डग्गामार वाहनों को पुल से हटाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।