गजरौला (अमरोहा)। गांव शहवाजपुर डोर में शनिवार को भाकियू संयुक्त मोर्चा की एक चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसानों, व्यापारियों, मजदूरों व शिक्षकों का उत्पीड़न हो रहा है। कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहाकि चुनाव में भाजपा ने बिजली मुफ्त देने का वादा किया था, लेकिन आज बिजली विभाग ने डिजिटल मीटर लगाकर लोगों का उत्पीड़न शुरू कर दिया है। खाद के भाव साल में दो बार बढ़ाए जाते हैं, जबकि फसलों के दाम आंदोलन के बाद भी नहीं बढ़ाए जाते।
जिलाध्यक्ष राहुल सिद्धू ने कहा कि गांव- गांव में किसान चौपाल आयोजित कर किसानों को जोड़ा जाएगा। किसानों का उत्पीडन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्य सचिव अरुण सिद्धू, प्रदेश अध्यक्ष तेजपाल सिंह, प्रदीप चौधरी, इकबाल चौधरी, आजम चौधरी, पुष्पेंद्र सिंह, कैलाश नाथ, ओम प्रकाश सिंह, अंकुर चौधरी, धीरज उपाध्याय, किरण पाल सिंह, आसिफ चौधरी आदि मौजूद रहे। चौपाल का संचालन पंचम सिंह ने किया और अध्यक्षता चौधरी चंद्रपाल सिंह ने की।