अमरोहा। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान में एमबीबीएस कर रहे छात्र-छात्राओं की चिंता बढ़ गई है। शिराज स्थित शिराज यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज में प्रथम वर्ष की छात्राएं नौगावां निवासी अर्श सेहरा, युसरा बतूल और अमरोहा निवासी रिम्शा हालात बिगड़ने की आशंका में पहले ही घर लौट आई थीं।
जनपद के 20 से अधिक छात्र-छात्राएं ईरान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों ने सुरक्षा को देखते हुए उन्हें वापस बुला लिया था। हालांकि विश्वविद्यालय के आसपास का क्षेत्र सुरक्षित बताया गया, लेकिन संभावित युद्ध की आशंका बनी रही। लगातार बिगड़ते हालातों से छात्र-छात्राएं भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्हें आशंका है कि लंबे समय तक तनाव रहने पर पढ़ाई, परीक्षा और डिग्री प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
इंटरनेट व्यवधान के कारण ऑनलाइन कक्षाएं भी प्रभावित हैं। छात्राओं ने बताया कि विदेश में पढ़ाई के सपनों पर अनिश्चितता छा गई है। परिजन भी कॅरियर और सुरक्षा को लेकर दुविधा में हैं। सभी की नजरें अंतरराष्ट्रीय हालात और सरकारी एडवाइजरी पर टिकी हैं। संवाद