संभल जिले के नखासा थानाक्षेत्र के मोहल्ला भारतल नखासा निवासी शहादत अली का बेटा मोहम्मद सुहेल क्रिकेट खेलता है। वह अच्छा गेंदबाज है। मोहम्मद सुहेल की मुलाकात डिडौली क्षेत्र के नारंगपुर निवासी खिलाड़ी मोहम्मद अजहरुद्दीन से हुई। आरोप है कि मोहम्मद अजहरूद्दीन ने सुहेल से कहा कि तुम अच्छा क्रिकेट खेलते हो और मेरी खिलाड़ियों से पहचान है। मैं, तुम्हारा सिलेक्शन केकेआर की टीम में नेट बॉलर के रूप में करा दूंगा। इस पर 5.5 लाख खर्च होने की बात कही।
सुहेल ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो अजहरूद्दीन ने टुकड़ों में रकम देने की बात कही। इस पर सुहेल ने बैंक से ऑनलाइन लोन लेकर अजहरुद्दीन के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि अजहरूद्दीन ने सुहेल को कोलकाता भेजकर इसका ट्रायल भी करा दिया, लेकिन बाद में सुहेल को पता चला कि उसने जो ट्रायल दिया है। वह केकेआर टीम के लिए नहीं था बल्कि, एक लोकल टूर्नामेंट के लिए हुआ था। पीड़ित सुहेल ने आरोपी अजहरूद्दीन से अपने रुपये मांगे तो वह आनाकानी करने लगा। बाद में रुपये देने से इन्कार कर दिया।
- मोहम्मद अजहरूद्दीन के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। - शक्ति सिंह, सीओ सिटी