अमरोहा। सपा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को संभल जाने से रोकने के लिए पुलिस ने ब्रजघाट चौकी के सामने हाईवे पर दिल्ली की दिशा से आ रहे वाहनों की सघन चेकिंग की। पुलिसकर्मियों ने कई वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली। पुलिस को कैराना सांसद इकरा हसन व मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक के संभल जाने की सूचना मिली थी।
संभल में हुए बवाल के बाद प्रशासन ने वहां सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के दाैरा करने पर रोक लगा रखी है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल को संभल जाने के निर्देश दिए थे। इस प्रतिनिधिमंडल में कैराना सांसद और मुजफ्फरनगर सांसद शामिल हैं।
शनिवार सुबह पुलिस को भनक लगी कि दोनों सांसद दिल्ली-लखनऊ हाईवे से गुजरेंगे। उनको रोकने के लिए सीओ श्वेताभ भास्कर गजरौला व धनौरा पुलिस के साथ हाईवे पर मुस्तैद हो गए। उन्होंने दिल्ली से मुरादाबाद की दिशा में जाने वाले सभी वाहनों को चेक किया। पुलिसकर्मियों ने बसों के अंदर भी तलाशी ली। पुलिस को जब सूचना मिली कि इकरा हसन को हापुड़ जिले से ही वापस कर दिया गया है तो पुलिस ने राहत की सांस ली। सीओ ने बताया कि सपा प्रतिनिधिमंडल के संभल जाने की सूचना मिलने के बाद वाहनों की चेकिंग की गई थी। हालांकि, सपा सांसद नहीं पहुंचे।