ईओ दीपिका शुक्ला ने रविवार को सार्वजनिक शौचालयों की चेकिंग की। इस दौरान किसी पर ताला लटका पाया गया तो किसी में ईंट, पत्थर भरे थे। उन्होंने सफाई नायक सहित तीन कर्मचारियों का स्पष्टीकरण तलब किया है।
ईओ ने बताया कि वह बीते कई महीनों से स्वच्छता प्रभारी, सफाई नायकों को निर्देश दे रही थीं कि नगर में सार्वजनिक स्थलों पर जितने भी शौचालय बने हैं, उनमें सफाई के अच्छे इंतजाम होने चाहिए। किसी में कमी है तो उसे पूरी करने को कहा था। उन्होंने रविवार को सुबह सात बजे से अचानक शौचालयों की चेकिंग शुरू कर दी। इंदिरा चौक, शिव इंटर कॉलेज के सामने, रेलवे स्टेशन के सामने और चौपला के सामने सार्वजनिक शौचालय चेक किए। किसी की हालत सही नहीं पाई गई। किसी पर ताला लगा था तो किसी में ईंट और पत्थर भरे थे। जिस पर उन्होंने स्वच्छता प्रभारी, सफाई नायक सहित तीन कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनका स्पष्टीकरण तलब किया है।