अमरोहा। पुलिस अधीक्षक सुनीति ने जिला न्यायालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। अधिवक्ताओं के चैंबरों, न्यायालयों के बाहर बनी गैलरी में बैठे वादकारियों और संदिग्धों से पूछताछ गई। साथ ही अधीनस्थों को सुरक्षा में लापरवाही नहीं बरतने के निदेश दिए।
बुधवार की दोपहर पुलिस कप्तान औचक निरीक्षण के लिए कचहरी पहुंच गईं। यहां पर उन्होंने पहले कचहरी परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखे लोगों की पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने कचहरी का चप्पा-चप्पा छानना शुरू कर दिया। आरोपियों की हवालात, सीसीटीवी कैमरे चेक किए। एसपी ने बताया कि यह एक सामान्य रूटीन चेकिंग थी। न्यायालय परिसर में प्रत्येक आने जाने वाले और संदिग्ध नजर आने वाले लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधि में लिप्त नहीं मिला। इस दौरान अधीनस्थों को कचहरी की सुरक्षा-व्यवस्था कोई चूक नहीं छोड़ने की नसीहत दी है।