सुतारी कला स्कूल के पास जख्मी मिले मोर ने भी शुक्रवार को दम तोड़ दिया। अब तक छह मोरों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रीय पक्षी की लगातार मौत होने से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
शुक्रवार को सियाली जागीर के वन रेंज कार्यालय में मोर की मौत हो गई है। यह मोर गुरुवार को सुतारी कला में स्थित प्राइमरी स्कूल के पास जख्मी मिला था। डायल सौ की गाड़ी ने जख्मी मोर को पशु चिकित्सालय पहुंचाया। जहां से वन विभाग ने अपनी सुर्पुदगी में ले लिया और सियाली जागीर वन रेंज कार्यालय में ले गए।
यहां पर उपचार के दौरान शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे मोर की मौत हो गई। मरने वाले मोरों की संख्या छह हो चुकी है। ढबारसी के बागों में मोर के घायल मिलने का सिलसिला नौ अप्रैल को शुरू हुआ था। तब से लेकर आज तक यह थमने का नाम नहीं ले रहा है। राष्ट्रीय पक्षी मोर के लगातार मरने से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। टीम ढबारसी पहुंचकर बाग स्वामियों को हिदायत दे चुकी है।
फिलहाल टीम अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। घायल मोरों को नहीं बचा पाने के कारण डाक्टर पहले ही इलाज से हाथ खड़े कर चुके हैं। जिसके चलते एक जख्मी मोर को आईवीआरआई बरेली भेजा गया था लेकिन, उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गुरुवार को स्कूल के पास मोर जख्मी मिला था। बताया जा रहा है कि पास ही में एक बाग है और कार्रवाई से बचने के लिए जख्मी हालत में मोर को स्कूल के पास फेंका गया है।